श्रावण का पवित्र महीना शुरू हो गया है और इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार "गंगा जल" लेने जायेंगे, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने का दावा किया है। एक पखवाड़े तक चलने वाली इस कांवड़यात्रा में कांवड़िये हरिद्वार से गंगा जल लाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर त्रयोदशी के दिन अपने स्थानीय शिवालयों में भगवान शिव को स्नान कराते हैं।
आज से श्रावण माह व #KanwarYatra के शुभारंभ पर हरकी पैड़ी पर संत-महात्माओं के साथ DM हरिद्वार विनय शंकर पाण्डेय और DIG/SSP हरिद्वार डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने गंगा पूजन कर कांवड़ यात्रा पर आये श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनको फल वितरित किये।#KanwarYatra2022 #UttarakhandPolice pic.twitter.com/SwvwteMRcI
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) July 14, 2022
2 साल बाद शुरू हो रही कांवड़ यात्रा-
कोरोना संक्रमण के चलते कांवड़ यात्रा 2 साल बाद फ़िर से शुरू हो रही है। इस बार चार करोड़ से ज्यादा कांवड़ियों के आने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने का दावा किया है।
12 सुपर जोन, 32 जोन और 120 सेक्टर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था-
गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) वी. मुरुगेशन ने बताया कि इलाकें को 12 सुपर जोन, 32 जोन और 120 सेक्टरों में बांटकर आयोजन किया जा रहा है। उनके अनुसार, हरिद्वार क्षेत्र में एक हजार पुलिसकर्मी, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनियां, बम एवं स्वान दस्ते समेत आतंकवाद निरोधक दस्ते और जल पुलिस की भी तैनाती की जा रही है।
पंजीकरण की व्यवस्था-
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों को हरिद्वार आने से पहले पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा, हालांकि पंजीकरण अनिवार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों को कांवड़ियों के साथ शिष्टाचार और संयम से पेश आने का निर्देश दिया है। इस यात्रा के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की दुकानों पर प्रतिबंध रहेगा।
कई जवानों की तैनाती-
दूसरी ओर कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली प्रशासन भी सतर्क है, कांवड़ तीर्थयात्रियों और वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए प्रशासन ने 2,000 से अधिक दिल्ली यातायात पुलिस के जवानों को भी तैनात कर दिया हैं। साथ ही रेलवे विभाग ने कांवड़ यात्रा के लिए कई विशेष ट्रेनें शुरू की है।