स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। निदेशक लोक निर्देश श्री के.के. द्विवेदी ने बताया कि कक्षा 9वीं व 11वीं की परीक्षा प्रदेश के सभी शासकीय उच्च व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी.। कक्षा 9 की परीक्षा 16 मार्च से 12 अप्रैल, 2022 तक और कक्षा 11 की परीक्षा 15 मार्च से 13 अप्रैल, 2022 तक आयोजित की जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को परीक्षा आयोजित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सभी विद्यालयों में प्रश्न पत्र जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से राज्य मुक्त विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराये जायेंगे।
सभी उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा. सुबह 8.15 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर कोविड-19 सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा.
छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले और प्रश्न पत्र से 5 मिनट पहले उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। सभी वर्ग के विकलांग छात्रों को 20 मिनट प्रति घंटे की दर से अतिरिक्त समय और लेखन की सुविधा दी जाएगी।