सागर. मध्यप्रदेश में जोरदार बारिश का दौर चल रहा है. जगह-जगह पानी भर गया है, नदी-नाले उफना गए हैं. लगातार और तेज बरसात के कारण कई हादसे भी हो रहे हैं. सड़कों पर हो रहे हादसों के कारण इन दिनों बेहद संभलकर चलने की जरूरत है पर कई वाहन चालक गंभीरता नहीं बरत रह हैं. कुछ ऐसा ही शहर में भी हुआ जब एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई. बच्चां से खचाखच भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई. दैवयोग से दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
जानकारी के अनुसार स्कूली बच्चों की यह बस गोपालगंज में दुर्घटनाग्रस्त हुई. गोपालगंज में जेल परिसर के पीछे स्कूल बस सडक पर धंस गई. बताते हैं कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. सडक पर जैसे ही बस धंसी, उसमें सवार बच्चे डर के कारण चीखने लगे. संयोगवश बस पलटने से बच गई जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई. बताते हैं कि यहां निर्माणाधीन सडक पर ये हादसा हुआ है.