भोपाल: राज्य सरकार के विभागों के अंग्रेजी भाषा के दस्तावेजों का हिन्दी में अनुवाद अब स्कूल शिक्षा विभाग करेगा। यही नहीं, हिन्दी दस्तावेजों का अंग्रेजी भाषा में अनुवाद भी यही विभाग करेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को परिपत्र जारी कर दिया है।

परिपत्र में कहा गया है कि जिन सरकारी बैठकों में विभागों से प्राप्त जानकारियां यदि हिन्दी या अंग्रेजी में हैं, तो उनका भी अनुवाद किया जायेगा। 

राज्य शिक्षा केंद्र के सलाहकार डॉ. लोकेश कुमार खरे को हिन्दी भाषा में तथा प्राचार्य हाई स्कूल आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान भोपाल के प्राचार्य अमित सक्सेना को अंग्रेजी भाषा में अनुवाद के लिये अधिकृत किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कई साल पहले अनुवाद के लिये भाषा विभाग होता था जो बाद में संस्कृति विभाग में मर्ज हो गया लेकिन बाद में यहां भी अनुवादकों के पद खत्म हो गये। राज्य सरकार के कई विभागों को अनुवाद की समस्या उत्पन्न हो रही थी। 

इसलिए औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने इसके लिये पहल की तथा स्कूल शिक्षा विभाग को इसके लिये भाषा अनुवाद हेतु पैनल बनाने के लिये कहा। 

यह पैनल बनने पर इसकी सूचना सामान्य प्रशासन विभाग को दी जिसने अब इसकी जानकारी सभी विभागों को जारी कर दी है।