तेलंगाना के नालगोंडा ज़िले में एक सियासत का विकृत रूप सामने आया है। जिले के मुनुगोडे में चौतुप्पल क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने कब्र खोदकर BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा को प्रतीकात्मक रूप से दफन कर दिया। लोगों ने कब्र बनाकर उस पर हार और फूल भी चढ़ाए हैं। साथ ही नड्डा का एक पोस्टर भी यहां पर लगाया गया है।
इस घटनाक्रम पर BJP नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा के तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते प्रभाव, और आने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी निश्चित हार से घबराई TRS ने जिस तरह से इस निंदनीय कृत्य को अंजाम दिया है, उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। प्रदेश की जनता आने वाले समय में इस हरकत का जवाब ज़रूर देगी।
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने नड्डा पर क्षेत्रीय फ्लोराइड शमन और अनुसंधान केंद्र अभी तक स्थापित न किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ TRS सरकार से नड्डा के वादे को लेकर अपील की है। मुनुगोड़े में फ्लोराइड संस्थान स्थापित करने की मांग पर भाजपा ने कहा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद राज्य में TRS सरकार अंधी और बहरी हो गई है। BJP नेता एनवी सुभाष ने कहा कि TRS विफल रही है और उसके पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए उसने उपचुनाव से पहले इस मुद्दे को उठाया है।
जानकारी के मुताबिक नलगोंडा की करीब 1200 बस्तियां फलोरोसिस की समस्या से जूझ रही हैं, जिसके तलते यहां लम्बे समय से क्षेत्रीय फ्लोराइड शमन और अनुसंधान केंद्र को बनाए जाने की मांग की जा रही है।