भोपाल। केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश के रीवा नगर में स्थित एयरपोर्ट के विस्तार के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। एयरपोर्ट के विस्तार से इस पर एटीआर-72 जैसे 78 सीटर बड़े प्रापुलर वाले विमान भी उतर सकेंगे।

सिंधिया ने अपने पत्र में रीवा हवाई पट्टी को वीएफआर यानि विजुअल फ्लाईट रुल्स या आईएफआर यानि इंस्ट्रुमेंटल फ्लाईट रुल्स के अनुसार बनाने का आग्रह किया है। वर्तमान में रीवा विमानतल लोक निर्माण विभाग के रखरखाव में है तथा यह सभी मौसम में उपयोगी है। दरअसल पिछले दिनों पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सिंधिया से भेंट कर रीवा विमानतल से भोपाल एवं इंदौर के लिये विमान सेवा प्रारंभ करने का अनुरोध किया था। इसी अनुरोध के आधार पर अब सिंधिया ने कार्यवाही करते हुये मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

पत्र में सिंधिया ने यह भी कहा है कि वे रीवा विमानतल के विस्तार हेतु अपने मंत्रालय का भी सहयोग प्रदान करेंगे तथा अधिकारियों का एक दल वहां जाकर अध्ययन कर रिपोर्ट देगा। सिंधिया के पत्र पर मुख्यमंत्री ने भी राज्य के विमानन विभाग को कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। विमानन विभाग रीवा कलेक्टर को पत्र लिखकर जानकारी मांगेगा कि विमानतल के विस्तार हेतु कितनी अतिरिक्त भूमि की आवश्यक्ता है तथा यह अतिरिक्त भूमि सरकारी है या निजी। यह जानकारी आने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।