भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला टी- 20 इंटरनेशनल मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। लगातार बारिश के कारण टॉस भी न हो सका और बिना एक भी गेंद फेंके मुकाबले को रद्द करना पड़ा।
बारिश के चलते मुकाबले का इन्तजार करते खिलाड़ियों ने जमकर मस्ती मज़ाक भी की। भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों के खिलाड़ी आपस में इंडोर गेम्स खेलते नज़र आये तो कुछ खिलाड़ी आपस में गुफ्तगू करते दिखे।
सीरीज़ का अगला मुकाबला अब 20 नवंबर को माउंट माऊंगानुइक में होगा जहाँ टीम इंडिया हार्दिक पंड्या की अगुआई में मैदान में उतरेगी। सीरीज़ का तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला 22 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
दोनों टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली हार को भुलाकर इस सीरीज में उतर रही हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में हुए टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल भारत को जहाँ चैम्पियन इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा वहीं न्यूजीलैंड को उपविजेता पाकिस्तान ने हराया था।
तीन टी-20 मैचों की सीरीज के बाद भारतीय टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। भारतीय वनडे टीम की कप्तानी शिखर धवन को सौंपी गई है। न्यूजीलैंड दौरे पर विराट कोहली और रोहित शर्मा को आराम दिया गया है।