इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे पंचकुइया मुक्ति धाम में किया जाएगा। उनके निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया,
वरिष्ठ पत्रकार, पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। आपका अवसान पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि
पत्रकारिता जगत की विशिष्ट पहचान पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। हिन्दी पत्रकारिता के आधारस्तंभ छजलानी जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। “भावपूर्ण नमन”
परिवार को दोहरी मार झेलनी पड़ी है। छजलानी परिवार को एक और झटका लगा है। दिवंगत विमल छजलानी की पत्नी का भी आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। अंतिम संस्कार आज शाम 5:00 बजे इंदौर में ही होगा।
4 अगस्त 1934 को इंदौर में जन्मे छजलानी ने 1955 में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया। भारत सरकार ने उन्हें पत्रकारिता में उनके योगदान के लिए 2009 में चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया।
छजलानी भारतीय भाषाओं के अखबारों की शीर्ष संस्था ILNA के तीन बार अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 1988, 1989 और 1994 में संगठन के अध्यक्ष थे। वह 2000 में इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी (INS) के उपाध्यक्ष और 2002 में अध्यक्ष थे। 2004 में 3 साल के कार्यकाल के साथ प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में नामांकित किया गया था। उन्हें 1986 में प्रथम श्रीकांत वर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
वर्ष 1965 में, उन्होंने दुनिया के अग्रणी पत्रकारिता संस्थान, थॉमसन फाउंडेशन, कार्डिफ़ (यूके) से स्नातक किया। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र से इस प्रशिक्षण के लिए चुने जाने वाले वे पहले पत्रकार थे। अभय छजलानी ने शहर के कई अहम मुद्दों को अहम अंदाज में पेश किया. इसके साथ ही वह खेलों में भी शामिल थे। वे लंबे समय तक मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष रहे और बाद में आजीवन अध्यक्ष के पद पर रहे।