छतरपुर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को चाय पिलाने में लापरवाही करना एक अधिकारी को भारी पड गया है. अधिकारी से इस गुस्ताखी के लिए जवाब तलब किया गया है. इस मामले मेें बाकायदा नोटिस जारी कर संबंधित अधिकारी से तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है.

यह मामला छतरपुर जिले को है. यहां के राजनगर के एसडीएम ने सीएम को चाय पिलाने में लापरवाही के मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हुआ को नोटिस जारी किया है. कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि सीएम शिवराजसिंह चौहान को दी गई चाय खराब थी। चूंकि सीएम को चाय, नाश्ता कराने की जिम्मेदारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हुआ को सौंपी गई थी, इसलिए उनसे अब जवाब मांगा गया है.

क्या है मामला
सीएम शिवराजसिंह चौहान 11 जुलाई को खजुराहो गए थे. एयरपोर्ट पर उन्हें चाय नाश्ता देने की जिम्मेदारी जिले के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हुआ को दी गई थी. बताते हैं कि सीएम को पूरी तरह ठंडी हो चुकी चाय सर्व की गई. चाय का स्वाद भी अच्छा नहीं था. इससे जिला प्रशासन की खासी किरकिरी हुई. इसी कारण राजनगर एसडीएम ने राकेश कन्हुआ को नोटिस देकर उनसे तीन दिन में जवाब तलब किया है.