Weather Update: असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. राज्य के कई हिस्सों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. ब्रह्मपुत्र सहित कई अन्य नदियों के विभिन्न स्थानों पर चेतावनी स्तर से ऊपर बहने की सूचना मिल रहीं है.
बाढ़ से 10 जिलों में 37,535 लोग प्रभावित-
पिछले कुछ दिनों से असम में हो रही लगातार बारिश से लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (Assam Disaster Management Authority) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार तक राज्य के 10 जिलों में बाढ़ से 37,535 लोग प्रभावित हुए.
गुवाहाटी में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत-
गुवाहाटी में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई. हालांकि, बाढ़ के पानी से अभी तक किसी के मरने की सूचना नहीं है. इसके साथ कुछ जगह बांध के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना मिली है. इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर कटाव भी हुआ है.
असम के कई जिलों में बारिश की संभावना-
इस बीच IMD ने असम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है जब पिछले कुछ दिनों से राज्य भर में हो रही लगातार बारिश के कारण असम साल की पहली बाढ़ का सामना कर रहा है.
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट-
एक विशेष बुलेटिन में गुवाहाटी में IMD के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने आज कोकराझार, चिरांग, बक्सा, बारपेटा और बोंगाईगांव जिलों में भारी (24 घंटे में 7-11 सेमी) से बहुत भारी (24 घंटे में 11-20 सेमी) बारिश की भविष्यवाणी की है. बहुत भारी वर्षा (24 घंटे में 20 सेमी से अधिक) के पूर्वानुमान के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है. IMD के अनुसार, धुबरी, कामरूप, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नलबाड़ी, दीमा हसाओ, कछार, गोलपारा और करीमगंज जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.