देश में चिलचिलाती गर्मी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। दिल्ली में 72 साल में दूसरी बार अप्रैल सबसे गर्म महीना रहा क्योंकि 1941 में पहली बार दिल्ली का तापमान 43.5 डिग्री पर पंहुचा था। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में आज अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तो यूपी, एमपी, राजस्थान समेत देश के करीब 18 राज्यों में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। भीषण गर्मी से देशभर के 20 शहरों में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में पारा 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया है। अगले पांच दिनों तक उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। यूपी के प्रयागराज में पारा 46 डिग्री के पार पंहुच गया है, जिससे लोग भीषण गर्मी से परेशान है।
यूपी, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में पांच दिनों तक लू जारी रहेगी। इस साल अप्रैल अब तक का सबसे गर्म महीना रहा है। मौसम विभाग ने किसी से भी बिना वजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
गुरुवार को गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा-
मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले 18 अप्रैल 2018 को पारा 43.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।19 अप्रैल, 1941 को अब तक का सबसे अधिक तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
अगले पांच दिनों तक लू चलने का अनुमान-
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि, अगले पांच दिनों तक देश के उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में लू चलेगी। 2 मई तक गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं। इसके बाद पारा 38 डिग्री तक गिर सकता है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और गुजरात में अप्रैल का अधिकतम तापमान 1951 के बाद से सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने 2 मई तक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही देश के अन्य हिस्सों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।