अप्रैल से पहले ही देश के विभिन्न राज्यों में भीषण गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा लगातार चढ़ रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक गर्म हवा और लू का असर बना रहेगा। इसलिए बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आगे कहा कि उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप के कारण तापमान में वृद्धि होगी, वहीं मौसम शुष्क बना रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुबह सबसे खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

हिमाचल में लू का पूर्वानुमान :

मौसम विभाग ने हिमाचल में लू चलने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस पर्वतीय राज्य के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसी तरह गुजरात में भी लू चलने का अनुमान है। हिमाचल में फरवरी तक ठंड का प्रकोप था लेकिन अब मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने पिछले सप्ताह सोलन, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में भी मौसम में अचानक बदलाव और तापमान में वृद्धि के कारण लू चलने का अनुमान जताया है।