गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने हिंदू समाज को ढोंगी नंबर वन करार दिया है। उन्होंने कहा कि दूध ना दें तो गाय को घर से निकाल देते हैं। फिर कहते है गौ माता की जय। ना दूध पीते हैं, ना गाय पालते हैं, सिर्फ़ गौ माता की जय बोलते हैं। इसलिए मैं कहता हूँ कि हिंदू समाज ढोंगी नंबर वन है।

आचार्य देवव्रत गवर्नर गुजरात ने नर्मदा में प्राकृतिक खेती से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये तीखा बयान दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि धरती पर मौजूद असंख्य प्राणियों में आदमी से ज्यादा ढोंगी, पाखंडी और बनावटी कोई और नहीं है।

वहीं आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती से होने वाले फायदों को गिनाते हुए कहा कि लोग मंदिर जाते हैं, मस्जिद जाते हैं, गुरुद्वारे जाते हैं, चर्च में भी जाते हैं ताकि भगवान खुश हो जाएं। लेकिन मैं ये बताना चाहता हूं कि आप लोग अगर प्राकृतिक खेती करना शुरू कर दें तो भगवान अपने आप प्रसन्न हो जाएंगे। 

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि अभी जो रासायनिक खेती हो रही है, उससे तुम प्राणियों को मारने का काम कर रहे हो, प्राकृतिक खेती करोगे तो जीवन देने का काम होगा। यही नहीं मनुष्य को उन्होंने सबसे ज़्यादा पाखंडी, बनावटी और ढोंगी तक बता दिया।