कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर भी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं किया है। उनका कहना है, कि अभी उन्होंने अपना मन नहीं बनाया है लेकिन वे जल्द ही इस पर फैसला ले सकते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है।
वहीं थरूर ने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने मलयालम दैनिक के लिए लिखे गए अपने एक लेख में "स्वतंत्र और निष्पक्ष" चुनाव का आह्वान किया है। थरूर ने कहा, ‘‘एआईसीसी तथा पीसीसी प्रतिनिधियों से लिए पार्टी के सदस्यों को यह फैसला लेने देने कि इन अहम पदों पर पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा, इससे आने वाले नेताओं के समूह को वैध बनाने तथा पार्टी का नेतृत्व करने के लिए उन्हें विश्वसनीय जनादेश देने में मदद मिलेगी।''
थरूर उन 23 नेता के समूह में शामिल थे, जिन्होंने 2020 में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को पत्र लिखकर संगठनात्मक सुधारों की मांग की थी। थरूर के मुताबिक एक नए अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस को फिर से सक्रिय करने की दिशा में एक शुरुआत है। इससे पार्टी में राष्ट्रीय हित बढ़ेगा और एक बार फिर कांग्रेस अधिक मतदाताओं को प्रेरित करेगी।
अध्यक्ष जो भी हों उनके पास पार्टी की समस्याओं को ठीक करने की योजना, साथ ही साथ भारत के लिए एक विजन भी होना चाहिए। आखिरकार, एक राजनीतिक दल देश की सेवा करने का एक साधन है, न कि अपने आप में एक लक्ष्य।" कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में फिर से जोश भरकर उन्हें सक्रिय करने और मतदाताओं को प्रेरित करने के दोहरे लक्ष्यों को प्राप्त करने की आवश्यकता होगी।
गौरतलब है,कि 2019 के संसदीय चुनावों में पार्टी को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। अंतरिम अध्यक्ष के रूप में फिर से पार्टी की बागडोर सोनिया गांधी संभाल रही हैं।