बल्लेबाज शिखर धवन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू एक दिवसीय श्रंखला के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से जुड़े सूत्रों ने इस बात के संकेत दिए हैं। सीरीज का पहला वनडे मुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाना है।
बीसीसीआई के हवाले से आ रही मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में अगले माह से होने वाले वर्ल्ड कप के खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा इसलिए कप्तानी का दायित्व शिखर धवन संभाल सकते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से 13 नवंबर के बीच खेला जाएगा।
भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी-20 मुकाबले खेलना हैं। इसके बाद तीन एकदिवसीय मुकाबले होना है। वनडे सीरीज में चीफ कोच राहुल द्रविड़ की गैर मौजूदगी में कोच के रूप में वीवीवीएस लक्ष्मण टीम के साथ होंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी-20 तिरुवनंतपुरम में 28 सितंबर को खेला जाएगा वहीं दूसरा टी-20 दो अक्टूबर को गुवाहाटी में होगा। तीसरी और आखिरी टी-20 मुकाबला इंदौर में चार अक्टूबर को खेला जाएगा।
इसके बाद वनडे सीरीज का आगाज लख़नऊ से होगा, जहां धवन टीम की कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। यह मुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा मुकाबला 9 और 11 अक्टूबर को दिल्ली में खेला जाएगा।