शिवसेना के बागी मंत्री एकनाथ शिंदे अन्य विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। शिंदे का दावा है कि उनके पास शिवसेना के 38 विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे बीती रात गुवाहाटी से गुजरात आए थे। अन्य बागी विधायकों को होटल में छोड़कर शिंदे अकेले गुजरात में किसी से मिलने आए और गुप्त बैठक की। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि शिंदे किससे मिलने आए थे।
'ऑपरेशन लोटस' की बात, आधी रात शिंदे-फडणवीस की मुलाकात!
— AajTak (@aajtak) June 25, 2022
रिपोर्ट: @gopimaniar #EknathShinde #UddhavThackeray #MaharashtraPoliticalCrisis #ShivSena | @swetasinghAT pic.twitter.com/25TvI2cp0g
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे बीती रात दिल्ली होते हुए गुवाहाटी से वडोदरा आए थे। यहां उन्होंने कुछ लोगों से गुपचुप मुलाकात की। जिसके बाद वह आज सुबह सात बजे बापस गुवाहाटी लौट आये। मीडिया सूत्रों के अनुसार, शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वडोदरा में मुलाकात की। इस मुलाकात के बीच गृहमंत्री अमित शाह भी वडोदरा में ही मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि आज महाराष्ट्र में शिवसेना की राजनीतिक उठापटक का लगातार पांचवां दिन है। दो दिन पहले तक शिवसेना बागी शिंदे के सामने आत्मसमर्पण करती नज़र आ रही थी। हालांकि आज पांचवें दिन शिवसेना आक्रामक नज़र आ रही है।
शिवसेना कार्यसमिति की आज मुंबई में बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और शिवसेना के संजय राउत समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। बैठक के बाद राउत ने कहा कि शिवसेना को धोखा देने वालों को माफ़ नहीं किया जाएगा। उद्धव बागियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
इससे पहले शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एकनाथ शिंदे समूह के विधायक तानाजी सावंत के पुणे स्थित कार्यालय में तोड़फोड़ की। शिवसैनिकों की हिंसा को देखते हुए पूरे मुंबई में धारा 144 लागू कर दी गई हैं। शिवसेना के बागी नेता शिंदे के ठाणे स्थित आवास पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।