महाराष्ट्र में शिव सेना क्या उद्धव ठाकरे के बिना ही हो जाएगी! परिस्थितियां कुछ ऐसा मोड ले चुकी हैं कि उद्धव ठाकरे अब अकेले होते जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि शिवसेना के बागी विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही सियासी संकट गहराता जा रहा है। खबर है कि शिवसेना के दो और विधायक संजय राठौर और योगेश कदम मुंबई से गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। ये दोनों भी एकनाथ शिंदे के समर्थन में आ गए हैं. इस तरह अब तक उद्धव सरकार के खिलाफ 42 विधायक खड़े नजर आ रहे हैं। यह आंकड़ा शाम तक 50 तक जा सकता है। शिवसेना के अभी महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 56 विधायक हैं।

इससे पहले एकनाथ शिंदे अपने 40 विधायकों के साथ गुवाहाटी पहुंचे। ये सभी स्पेशल फ्लाइट से बुधवार सुबह 6.20 बजे सूरत से यहां आए. यहां उन्हें भाजपा के नेताओं ने रिसीव किया। सभी को तीन बसों से रेडिसन ब्लू होटल ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए। गुवाहाटी एयरपोर्ट पर एकनाथ शिंदे ने एक बार फिर दोहराया कि हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व ​​​​को आगे ले जाएंगे। एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमारे साथ अभी 40 विधायक गुवाहाटी आए हैं। इनमें 33 विधायक शिवसेना के और 7 विधायक निर्दलीय हैं। इससे पहले उन्होंने सूरत एयरपोर्ट पर भी यही कहा था. उन्होंने कहा कि अभी हमने बालासाहेब ठाकरे का हिंदुत्व छोड़ा नहीं है। मैं बस यही चाहता हूं कि उद्धव ठाकरे, भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाएं। 

मंगलवार को एकनाथ शिंदे ने दावा किया था कि मेरे साथ कुल 41 विधायक हैं, जिसमें 34 शिवसेना और 7 निर्दलीय हैं। बाद में खबर आई कि उनके एक विधायक नितिन देशमुख अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसा आरोप लगा कि उनके साथ कुछ अन्य द्वारा मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उधर, उनकी पत्नी ने अकोला में एक मिसिंग कंप्लेंट लिखवाई। अब इस केस में महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम सूरत पहुंचने वाली है। बताया जा रहा है कि इन्हें मिलाकर ही 41 बागी विधायक थे।

अपडेट्स
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर एक बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ मुंबई पहुंच रहे हैं। वे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी दोपहर 12 बजे मिलेंगे।
- गुवाहाटी में BJP विधायक सुशांत बोरगोहेन ने कहा, 'मैं यहां सभी विधायकों को लेने आया हूं। मैं व्यक्तिगत रिश्ते की वजह से यहां लेने आया हूं।