एक प्राइवेट चैनल को दिए इंटरव्यू में प्रदेश के लिए कई बड़ी बातें करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज फिर दोहराया है कि आने वाले वर्ष में मप्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो जायेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य करीब 32 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का है। जबकि एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी। भाजपा संसदीय बोर्ड से बाहर होने के बाद सीएम शिवराज की पहली प्रतिक्रिया भी इसी कार्यक्रम में सामने आई। उन्होंने कहा कि मुझे बिल्कुल भी वहम नहीं है कि मैं ही योग्य हूं। पार्टी मुझे दरी बिछाने का काम देगी तो राष्ट्र हित में यह भी करूंगा। अगर पार्टी कहेगी कि जैत (गृह गांव ) में रहो तो वहां रहूंगा।
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में सहभागिता #Bhopalइंडिया टुडे कॉन्क्लेव में सहभागिता #Bhopal
Posted by Shivraj Singh Chouhan on Friday, August 19, 2022
राजनीति में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं होना चाहिए। भाजपा एक विशाल परिवार है। इसके प्रवाह में कोई आगे बढ़ता है तो कोई बाहर आता है। केंद्रीय स्तर पर एक टीम होती है जो यह तय करती है कि किसे, क्या काम करना है। शिवराज ने कहा- राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसदीय बोर्ड में जिन्हें शामिल किया है, वे सभी योग्य हैं। इसमें पूर्व- पश्चिम, उत्तर-दक्षिण को ध्यान में रखा गया है। सीएम ने एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में शिरकत कर यह बातें कहीं।
उन्होंने प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति का ब्योरा भी रखा और कहा कि प्रदेश के करीब 32 लाख युवाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं से तथा स्वरोजगार के माध्यम से लाभांवित करने का लक्ष्य सरकार ने तय कर लिया है। सूबे के सियासी मोर्चे पर भी उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा- कमलनाथ और दिग्विजय सिंह हमारे मित्र हैं, उनसे हमारी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं हैं बल्कि वैचारिक मतभेद हैं। इसलिये बेहतर हैं कि दोनों हमारी नहीं बल्कि खुद की चिंता करें।
सीएम शिवराज ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा के उपचुनाव भी जीते हैं, पंचायत चुनाव में भी जीत दर्ज की है लेकिन नगरीय निकाय चुनाव में जहां हार मिली है उसका विश्लेषण किया जायेगा। सीएम ने कहा कि मप्र में डकैती की समस्या पूरी तरह नियंत्रण में है, सिमी भी कंट्रोल में है और गुंडे बदमाशों से भी 21 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई जा चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मप्र को तबाही से बचाया है। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस शिक्षा पर है। हर 20-25 गांव के बीच में बेहतर सुविधाओं से लैस स्कूल "सीएम राइज" के तहत खोल रहे हैं। शिवराज ने कहा कि मैं किसी भाषा का विरोधी नहीं लेकिन अंग्रेजी की वजह से काफी बच्चे पिछड़ जाते हैं। हम गांधी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की शिक्षा हिंदी में उपलब्ध कराएंगे।
नया उद्योग नगर भोपाल-इंदौर के बीच आकार लेगा-
सीएम शिवराज ने कहा की अधोसंरचना क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। अटल एक्सप्रेस वे सिर्फ एक सड़क नहीं होगी, बल्कि सड़क के दोनों और इंडस्ट्रियल क्लस्टर निर्मित किए जाएंगे। नर्मदा एक्सप्रेस वे भी मध्य प्रदेश के ग्रोथ का इंजन बन जाए, ऐसे प्रयास हैं। इंदौर भोपाल के मध्य भूमि चिन्हित की गई है जहां उद्योग और रोजगार बढ़ाने वाला नगर विकसित होगा। उज्जैन में महाकाल महाराज के दर्शन के लिए स्टेशन से मंदिर तक केबल कार प्रारंभ करने पर विचार चल रहा है। परिवहन के लिए धरती के साथ आकाश का उपयोग भी किया जाएगा।