मध्यप्रदेश कांग्रेस की नई टीम को मुख्यमंत्री शिवराज ने सर्कस करार दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में सोमवार को कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब कांग्रेस में कार्यकर्ता कोई बचा ही नहीं जितने थे, सब पदाधिकारी बना दिए गए हैं।
CM शिवराज ने आगे कहा कि कांग्रेस अद्भुत पार्टी है। पॉलिटिकल अफेयर कमेटी में तो पिता के साथ पुत्र भी शामिल हैं। कांग्रेस कहीं मां-बेटे की पार्टी है, तो कहीं पिता-पुत्र की पार्टी। यही कांग्रेस की नियति है केवल तुष्टिकरण चल रहा है।
कांग्रेस ने अपनी रविवार रात नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की है। इसमें 50 उपाध्यक्ष और 105 महासचिव बनाए गए हैं। जिलाध्यक्षों की लिस्ट भी जारी की गई है। पूरी कार्यकारिणी में कमलनाथ समर्थकों का बोलबाला दिखाई दे रहा है।
मप्र कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की एक समिति का भी गठन किया गया है जिसमें कुल 21 सदस्य हैं। विंध्य से अजय सिंह व कमलेश्वर पटेल को सदस्य बनाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी,बाला बच्चन,रामनिवास रावत,रामेश्वर नीखरा आदि को भी सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी में कमलनाथ और उनके बेटे नकुल नाथ दोनों को शामिल किया गया है।