मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में 'युवा संवाद' कार्यक्रम का शक्ति स्वरूपा कन्याओं का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहें। सीएम ने 'युवा संवाद' कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विद्यार्थियों के लिए डिजिटल 'डिजी लॉकर' सुविधा का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया।
LIVE : मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj का "युवा संवाद" कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद कर रहें हैं। #CMYuvaSamvad https://t.co/AkPpKb4epv
— BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) April 6, 2022
'युवा संवाद' कार्यक्रम से छात्रा खुशी करवरिया ने सीएम से पूछा कि गरीब परिवारों के विद्यार्थियों की शिक्षा हेतु सरकार की क्या योजनाएं हैं ? सीएम ने बताया कि मु.मेधावी विद्यार्थी योजना व संबल योजना के माध्यम से सरकार द्वारा विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस भरवाई जाती है।
कार्यक्रम से छात्रा कृतिका चौरसिया ने पूछा कि परीक्षा में सफलता कैसे प्राप्त करें ? सीएम ने बताया कि मेरे बच्चों तुम सबमें अपार क्षमताएं हैं। यदि आप एकाग्रचित्त होकर पढ़ेंगे, तो सफलता अवश्य मिलेगी।
पढ़ाई करो, फीस की चिंता मामा पर छोड़ दो..!
शिवराज बोले, मेरे बच्चों, मैं खुशी बेटी के माध्यम से अपने सभी बच्चों से कहना चाहता हूं कि तुम केवल मन लगाकर अपनी पढ़ाई करो, फीस की चिंता मामा पर छोड़ दो..! मैं धन के अभाव को तुम्हारी राह में बाधा नहीं बनने दूंगा। कुछ माता-पिता यह सोचते हैं कि बेटा बुढ़ापे की लाठी बनेगा। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि बेटा बुढ़ापे में आपका सहारा बनेगा कि नहीं, मैं यह नहीं कह सकता, लेकिन बेटी जीवन की अंतिम सांस तक आपकी सेवा करेगी, मैं इसकी गारंटी दे सकता हूं।
स्वरोजगार पर पूछा सवाल :
सीएम से छात्रा कीर्ति सिंह ने पूछा कि स्वरोजगार के लिए हमें सरकार कैसे मदद कर सकती है ? सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 1 लाख से 50 लाख रुपये स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण देते हैं व सरकार ऋण पर ब्याज सब्सिडी भी देती है। मेरे बच्चों, जिंदगी में तनाव रहता ही है, इससे बचना है, तो योग और ध्यान करो। आप काम करो और उसके परिणाम के विषय में मत सोचो, यह मंत्र अपना लो, यही निष्काम कर्म योग है।
COVID-19 पर पूछा सवाल :
सीएम से बुधनी की छात्रा निधि सिंह परिहार ने पूछा कि COVID19 के समय आप कितने तनाव में थे ? मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतियां बड़ी थीं, लेकिन डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस, जनता के सहयोग से हमने लड़ाई लड़ी और इसे नियंत्रित करने में सफल रहे।
लड़कों की तरह अधिकार कब मिलेगा ?
रीवा की अंजलि शर्मा ने सीएम शिवराज को बताया कि संगीत के क्षेत्र में मुझे माता-पिता ने आगे नहीं बढ़ने दिया और पूछा कि हमें लड़कों की तरह अधिकार कब मिलेगा ? सीएम ने माता-पिता से अनुरोध करते हुए कहा कि बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को निखरने दें।