मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' का शुभारंभ किया। उद्यम क्रांति योजना से सीएम शिवराज बोले, आज मैं बहुत प्रसन्न हूं। आजादी के अमृत काल में एक नई क्रांति 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' के रूप में म.प्र. में प्रारंभ हो रही है। मध्य प्रदेश के हर नौजवान के चेहरे पर मुस्कुराहट आए यही हमारा प्रयास है। आज मेरे मंत्रीमंडल के सभी सहयोगी यहां पर इसलिए उपस्थित है कि यह भी आपके जीवन की राह आसान करने में अपना सहयोग देने को तत्पर हैं।

हम मनायेंगे 'रोजगार दिवस' : शिवराज

शिवराज बोले, हमने तय किया कि महीने में एक दिन हम 'रोजगार दिवस' मनायेंगे और इसके माध्यम से अपने बेटे-बेटियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध करायेंगे। हमने पहले रोजगार दिवस में 5 लाख से अधिक बेटे-बेटियों को इसका लाभ दिलाया। 'रोजगार दिवस' के माध्यम से तीन महीने में हमने 13 लाख से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर, उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त किया। 

सरकारी नौकरियों के लिए निरंरत प्रयास जारी : शिवराज  

शिवराज बोले, सरकारी नौकरियों के माध्यम से जितने बेटे-बेटियों को रोजगार देना संभव है, हम उसके लिए निरंरत प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में निवेश लाकर रोजगार सृजन के लिए भी कार्य कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के युवाओं के स्वरोजगार हेतु लोन की गारंटी मेरी सरकार ने लेने का निर्णय लिया है। इस कार्य हेतु हम हर साल 140 करोड़ की बैंक गारंटी देंगे। 

नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनो..! शिवराज  

शिवराज बोले, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के लोन की गारंटी हमारी सरकार दे रही और इंटरेस्ट पर सब्सिडी भी..! मेरे बच्चों, मेरा यही सपना है कि तुम नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनो। मेरे बच्चों आप सब में अद्भुत क्षमताएं हैं। जो मनुष्य सोचते हैं, व सोच को क्रियान्वित करने का प्रयत्न करते हैं वही जिंदगी में सफल होते हैं। आखिर शून्य से ही तो सृष्टि की रचना हुई थी। साथ ही सीएम ने भोपाल में 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' अंतर्गत स्वीकृत ऋण का स्वीकृति पत्र उद्यमियों को भेंटकर शुभकामनाएं दी।