मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज निवास पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं उच्च अधिकारियों के साथ प्रदेश में हुई हिंसा पर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के पश्वात मीडिया से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंगाइयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाही जारी है। 

बैठक में जानकारी दी गई कि, खरगोन में अब तक 95 दंगाइयों की गिरफ्तारी हुई है। पूरे प्रदेश में आपराधियों की गिरफ़्तारी जारी है। वीडियो से भी दंगाइयों को चिन्हित किया गया है। आज भी खरगोन में दंगाइयों की संपत्ति को जमींदोज करने की कार्रवाही जारी रहेगी। घटना के बाद से ही खरगोन में 4 आईपीएस, 15 डीएसपी सहित आर ए एफ की कंपनी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

सीएम शिवराज ने कहा कि, आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने धार्मिक स्थल पर झंडा फहराने का जो फोटो ट्वीट किया है, वह मध्यप्रदेश का नहीं है। यह उनका प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र है। प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने की साजिश है। प्रदेश में यदि कोई दंगा फैलाने की साजिश करेगा तो, वह कोई भी हो, मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा।

जारी आकडों के अनुसार, सीएम शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भू-माफियाओं, गुंडों, आदतन अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी है। अप्रैल 2020 से मार्च 2022 तक इनसे 15,397 एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है, जिसका मूल्य लगभग 11,941 करोड़ रुपये है।