दोस्ती से शुरू हुआ सफ़र प्यार तक तो पहुंचा लेकिन शादी के एकतरफ़ा सपने ने इसे ख़ूनी खेल बना दिया. खेल भी ऐसा कि जिसने सुना उसकी रूह तक कांप गई.

प्यार में प्रेमी जोड़ा सात समंदर पार जाने की कसम तो कुछ इस तरह खाता हैं मानों कोई नई ऊँचाई हासिल कर ली हो..! वैसे प्यार दो दिलों की तरह ही दो परिवारों का भी मिलन है. शादी के बंधन में बंधने के लिए दोनों परिवारों की सहमति काफ़ी अहम मानी जाती हैं. पर कभी-कभी प्यार इन उसूलों को नहीं मानता हैं.

जब सहमति नहीं मिलती है तो प्रेमी जोड़ा नया घर वसाने के लिए अपनों को नाख़ुश कर घर की दहलीज लांघकर घर से ही निकल जाता हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है मुंबई से..!

यहां कॉल सेंटर में जॉब करने वाली श्रद्धा की दोस्ती आफताब से होती हैं. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल जाती है. ये खबर जब श्रद्धा के घर वालों को पता चली तो उन्होंने इसका विरोध किया. अपनों से सहमति नहीं मिली तो करीब 6 महीने पहले श्रद्धा घर की दहलीज़ लांघकर आफताब के साथ भागकर दिल्ली आ गई.

यह भी पढ़े: 

 

घर वालों से बातचीत तो बंद हो गई थी लेकिन सोशल मीडिया के ज़रिये परिवार बेटी की जानकारी जुटाता रहता था. समय आगे बढ़ता गया और धीरे-धीरे जानकारी भी मिलना बंद हो गई. जिसके बाद परिवार वालों को शक हुआ तो लड़की के पिता दिल्ली पहुंचे. उन्होंने लंबे समय तक बेटी की तलाश की लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने 8 नवंबर 2022 को दिल्ली के महरौली थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई.

एफआईआर के आधार पर पुलिस टेक्निकल टीम की मदद से आफताब की तलाश में जुट गई. जल्द ही पुलिस ने एक गुप्त सूचना के ज़रिये आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिल्ली आने के बाद श्रद्धा उस पर शादी का दबाव बनाने लगी थी. जिसके चलते उन दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे.

जिसके चलते उसने करीब 5 महीने पहले 18 मई 2022 को बेरहमी से उसकी हत्या कर दी और फिर आरी से शव के 35 टुकड़े कर उन्हें फ्रिज में रख दिए. गला दबाकर हत्या करने के बाद उसने सबसे पहले 300 लीटर का नया फ्रिज ख़रीदा और कसाई की तरह शरीर के टुकड़े कर उन्हें फ्रिज भर दिए.

फिर शरीर के इन टुकड़ो को 18 दिन तक महरौली के जंगलों में अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाते रहा. वह रोजाना देर रात घर से निकलता था और उन टुकड़ों को महरौली के जंगलों में फेंक देता था.

पिता की सूझबूझ से ही समाज में इंसान की शक्ल में घूम रहा कसाई पुलिस की गिरफ़्त में आ सका. फ़िलहाल आरोपी दिल्ली पुलिस कस्टडी में मौजूद है. पुलिस आरोपी के ज़रिये अलग-अलग जगह से लाश के टुकड़े तलाश रहीं है. अभी तक पुलिस को केवल कुछ हड्डिय़ां और बॉडी के करीब 10 टुकड़े हाथ लगे हैं. जिन्हें अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है.

श्रद्धा मर्डर केस के बड़े खुलासे हो रहे हैं-

  • श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब को लेकर दिल्ली पुलिस महरौली के जंगल में गई है. आफताब ने श्रद्धा की बॉडी के टुकड़े यहीं फेंके थे. अब तक 10 टुकड़े बरामद किए जा चुके हैं.
  • श्रद्धा के सिर और कुछ दूसरे बॉडी पार्ट्स की तलाश जारी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट अभी मिले टुकड़ों की जांच कर रहे हैं.
  • आफताब ने श्रद्धा का फोन भी फेंक दिया था. पुलिस ने कहा कि लास्ट लोकेशन के जरिए इसे हासिल किया जा सकता है. उस हथियार की तलाश है, जिससे आफताब ने श्रद्धा के टुकड़े किए.
  • पुलिस ने पूछताछ के लिए आफताब के दोस्तों को भी बुलाया है.

 

इस घटना की सच्चाई जानने के बाद आपका भी प्यार के प्रति विश्वास जरुर डगमगाया होगा लेकिन कहते हैं न की जो जिंदगी की डगर में हमें डगमगाने न दें वहीं हमारा सच्चा दोस्त या प्रेमी हो सकता है. इसलिए प्यार करने से पहले सच्चे हमसफ़र की पहचान जरूर कीजिये ताकि अपने ख़ुश और प्यार सफल रह सके.