पश्चिम बंगाल सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को हो रहा है। लोकभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। राज्यपाल आरएन रवि लोक भवन में सुबह 11 बजे से मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई।

इस विस्तार के साथ ही मंत्रिपरिषद की संख्या बढ़कर 41 हो गई। इससे पहले 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और क्षुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।

संविधान के 91वें संशोधन के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में विधायकों की संख्या विधानसभा की कुल संख्या के 15% तक सीमित है। पश्चिम बंगाल में 294 विधायक हैं, इसलिए मंत्रिमंडल में ज्यादा से ज्यादा 44 विधायक हो सकते हैं।  शपथ लेने वाले 35 मंत्रियों के साथ कैबिनेट में 41 मंत्री हो गए। हालांकि तय लिमिट के आधार पर 4 मंत्री और बनाए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ये 4 पद खाली ही रहेंगे।

इससे पहले 11 मई को शुभेंदु ने अपने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कियाा था। इसमें निषिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्रालय सौंपा गया। दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास, कृषि विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई। अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय विभाग दिए गए।

अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता मंत्रालय दिया गया। क्षुदिराम टूडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीएम अधिकारी गृह मंत्रालय समेत अन्य सभी मंत्रालयों को संभालेंगे।