पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, 5 राज्यों में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के इस्तीफे की मांग की थी। सिद्धू ने ट्वीट कर इस्तीफा दे दिया। सिद्धू ने अपने ट्विट ने लिखा, कांग्रेस अध्यक्ष की इच्छा के अनुसार, मैं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं।

सोनिया गांधी ने मांगा इस्तीफा :

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। हार पर चर्चा के लिए पार्टी आलाकमान ने रविवार को बैठक बुलाई थी। इसके बाद से लगातार कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। सोनिया गांधी ने इन राज्यों में प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के इस्तीफे की मांग की थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इन राज्यों में संगठन के पुनर्गठन के लिए पीसीसी अध्यक्षों को इस्तीफा देने के लिए कहा गया है।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया इस्तीफ :

आदेश के फौरन बाद उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के लिए नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की है और इस्तीफा दे दिया है।

अजय लल्लू ने भी दिया इस्तीफा :

अजय कुमार लल्लू ने यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। लल्लू ने ट्वीट करते हुए लिखा, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मेरे जैसे आम कार्यकर्ता पर विश्वास करने के लिए शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद..! एक कार्यकर्ता के रूप में मैं आम आदमी के अधिकारों के लिए लड़ना जारी रखूंगा।