यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निमार्णाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात 2 बजे गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई। 6 लोग अभी भी मलबे में दबे हैं। स्टेट रिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स  रेस्क्यू में जुटी है। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी-बारिश से स्लैब गिरा। 

मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में 70-80 की स्पीड में आंधी चली। हादसा शहर से 25 किमी दूर ललपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त ज्यादातर मजदूर सो रहे थे। इसलिए उन्हें भागने का मौका नहीं मिला और मलबे में दब गए।
एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि हमें आज रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि यहां एक स्लैब गिर गया है, जिसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना पर स्थानीय पुलिस और हम सभी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। खबर लिखे जाने तक छह लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। 5 की पहचान कर ली है।

हमीरपुर में गिरे इस पुल मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख जाहिर किया। सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत और बचावकार्य तेज करने का दिया निर्देश भी दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों का उचित इलाज करवाने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हर मुमकिन सहायता मुहैया करवाने के भी निर्देश दिए हैं।