आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा पंडितों को लेकर दिए गए बयान का विरोध अब सड़कों पर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में मोहन भागवत के खिलाफ प्रदर्शन हुआ और मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
जबलपुर में ब्राह्मण एकता मंच ने ब्राह्मण समुदाय को लेकर संघ प्रमुख की हालिया टिप्पणी का विरोध किया। ब्राह्मण एकता मंच ने बैनर पोस्टर लेकर मोहन भागवत के खिलाफ नारेबाजी की। जबलपुर के मालवीय चौक पर मोहन भागवत मुर्दाबाद के नारे लगे।
मोहन भागवत ने संत रोहिदास की जयंती पर एक बयान दिया था, जिसका हिंदू और ब्राह्मण संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है। मोहन भागवत ने कहा था कि भगवान की नजर में सभी जीव एक हैं और जातियां पंडितों ने बनाई हैं।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी भागवत के इस कथन का विरोध किया। उन्होंने भागवत के कथन को बचकाना बताते हुए पूछा कि उन्हें यह ज्ञान कहां से मिला कि जातियां पंडितों ने बनाई हैं क्योंकि गीता में स्वयं भगवान ने कहा है कि चारों वर्णों की रचना मैंने की है।
मोहन भागवत के विरोध के राजनीतिक निहितार्थ भी हैं। मध्यप्रदेश को संघ का गढ़ माना जाता है और बीजेपी की राजनीति भी सवर्ण हिंदुओं के इर्द-गिर्द घूमती है। राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव के नतीजों में भागवत के बयान का असर देखने को मिल सकता है।