भोपाल: राज्य सरकार ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की गति धीमी पडऩे पर प्रतिदिन किये जाने वाले कोरोना की लैब से आरटीपीसीआर जांच करने का लक्ष्य घटा दिया है। अब प्रदेश में प्रतिदिन 25 हजार सेम्पलों की ही जांच होगी। पहले यह 75 हजार प्रतिदिन तक थी।
स्वास्थ्य आयुक्त सुदाम पी खाड़े ने सभी जिला कलेक्टरों एवं सीएमएचओ को नये निर्देश जारी कर कहा है कि टेण्डर के जरिये दो प्रयोगशालाओं यथा हिन्दुस्तान वेलनेस प्रालि एवं एजीलिटी डायग्नोस्टिक प्रालि का सेम्पलों की जांच हेतु चयन किया गया है जिसकी दर प्रति जांच डेढ़ सौ रुपये है। कोरोना संक्रमण की गति धीमी होने से नये लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं जिसमें प्रतिदिन 25 हजार सेम्पलों की जांच होगी।
जबलपुर में 1200 प्रतिदिन सेम्पलों की जांच का लक्ष्य :
नये लक्ष्यों के अनुसार, अब जबलपुर जिले में प्रतिदिन 1200 सेम्पलों की जांच होगी जबकि छिन्दवाड़ा जिले में 600 सेम्पलों की जांच की जायेगी। इसी प्रकार, सतना जिले में 500, सिंगरौली जिले में 300 तथा छतरपुर जिले में 400 सेम्पलों की रोजाना जांच की जायेगी। भोपाल जिले में 2100, इंदौर जिले में 2500 तथा ग्वालियर जिले में 1200 सेम्पलों की प्रतिदिन जांच करने का लक्ष्य रखा गया है।