कांग्रेस पार्टी ने स्मृति ईरानी की बेटी पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। कांग्रेस की तरफ़ से पवन खेड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस कर कई सवाल खड़े किये। पवन खेड़ा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति यह नहीं है कि हम किसी के निजी मसलों पर कोई टीका-टिप्पणी करें, लेकिन यह सवाल एक केंद्रीय मंत्री की राजनीतिक शैली और भ्रष्टाचार पर है। स्मृति ईरानी जी के परिवार पर भ्रष्टाचार के गम्भीर आरोप लग रहे हैं।
देखिये लाइव-
पवन खेड़ा बोले, गोवा में स्मृति ईरानी जी की बेटी द्वारा चलाए जा रहे एक 'रेस्टोरेंट' पर फर्जी लाइसेंस लेने का आरोप है। वह लाइसेंस एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर है, जिनका देहांत मई 2021 में हुआ और लाइसेंस जून 2022 में लिया गया। गोवा के कानून के हिसाब से एक रेस्टोरेंट को बार का एक ही लाइसेंस मिल सकता है, इस रेस्टोरेंट को 2 लाइसेंस मिले हैं। वहीं तीसरा फर्जीवाड़ा यह है कि इस रेस्टोरेंट को रेस्टोरेंट चलाने का लाइसेंस भी नहीं मिला है।
स्मृति ईरानी पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि हैरानी की बात यह है कि आपके समर्थकों के बच्चे नमाज और हनुमान चालीसा की लड़ाई लड़ें और आपके बच्चे या तो विदेशों में पढ़ें या आपके 'आशीर्वाद' के सहारे इस तरह के गैरकानूनी काम करें। इस गैरकानूनी रेस्टोरेंट/बार को नोटिस देने वाले आबकारी आयुक्त के ट्रांसफर की तैयारी शुरू की जा चुकी है। क्या यह स्मृति ईरानी जी के हस्तक्षेप के बिना हो रहा है? क्या यह लाइसेंस उनके प्रभाव के बिना मिला? स्मृति ईरानी जी, हम आपसे जानना चाहते हैं कि..!
1. यह धांधली किसके इशारे पर हो रही है?
2. इस धांधली को किसका आशीर्वाद मिला है?
3. इस धांधली के पीछे किसका प्रभाव इस्तेमाल किया जा रहा है?
जो स्मृति ईरानी जी कल तक सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी को लेकर तरह-तरह के सवाल पूछ रही थीं, हम उनसे जानना चाहते हैं- इन 'बार' वालों को 'अखबार' चलाने वालों से क्या दिक्कत है? हम प्रधानमंत्री जी से यह मांग करते हैं कि स्मृति ईरानी जी को तुरंत प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।
कांग्रेस के आरोपों पर स्मृति ईरानी का ज़ोरदार जवाब-
कांग्रेस की तरफ से लगाए गए गंभीर आरोपों पर जोरदार पलटवार करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि 2 अधेड़ उम्र के पुरुषों ने एक 18 साल की लड़की की इज्जत की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस किया है। उस लड़की का दोष यह है कि उस लड़की की मां ने 2014 और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। जिस 18 साल की लड़की की इज्जत पर कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आज हमला किया, उस लड़की का दोष यह है कि उसकी मां स्मृति ईरानी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है।
देखिये लाइव-
स्मृति ईरानी ने ज़ोरदार हमला बोलते हुए आगे कहा कि वो 18 साल की लड़की जो कॉलेज के प्रथम वर्ष में पढ़ती है, उसका दोष यह है कि उसकी मां ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी की 5,000 करोड़ की लूट के ऊपर प्रेसवार्ता की। आज अपनी एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के प्रवक्ता ने हंसते हुए जिस लड़की पर आक्रमण किया, वो राजनीति में नहीं है और एक साधारण कॉलेज स्टूडेंट के रूप में अपना जीवन व्यतीत कर रही है।
स्मृति ईरानी ने कई सवाल खड़े करते हुए पूछा कि एक 18 साल के बच्चे के चरित्र की कांग्रेसियों ने हत्या कर दी। उनका एकमात्र दोष यह है कि उनकी मां ने 2014 और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। पवन खेड़ा ने ये कहा कि मेरी बेटी को कारण बताओ नोटिस दिया गया और अपने हाथ में 2 कागज दिखाए। मैं आज पूछना चाहती हूं कि इन कागजों में मेरी बेटी का नाम कहां है?
जयराम रमेश ने कहा कि वो RTI के आधार पर मेरी बेटी पर आरोप मढ़ रहे हैं। मैं जयराम रमेश से पूछती हूं कि क्या RTI की उस एप्पलीकेशन में मेरी बेटी का नाम है, क्या उसके जवाब में मेरी बेटी का नाम है? स्मृति ईरानी ने कहा, कांग्रेस साल 2024 में दोबारा राहुल गांधी को अमेठी भेजे, मैं फिर राहुल गांधी को अमेठी में धूल चटाऊंगी। लेकिन अब हम इस मामले में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ़ कोर्ट जायेंगे।