लीजेंड्स लीग में बड़ी लापरवाही सामने आई है। लखनऊ के नामी होटल में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन जिस कमरे में ठहरे हुए थे उसमें सांप निकलने से खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठ गए। मिचेल जॉनसनने सोशल मीडिया पर उनके रूम से सांप निकलने की घटना की तस्वीरभी शेयर की है।
ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा, 'किसी को पता है यह कौन सा सांप है ? मेरे कमरे के दरवाजे पर लटका हुआ है।' दूसरे पोस्ट में जॉनसन ने लिखा, 'इस सांप के मुंह की एक बेहतर तस्वीर मिली। अभी भी नहीं पता है कि वास्तव में यह कौन सा सांप है। भारत में लखनऊ आना अब तक दिलचस्प रहा है।'
बता दें कि लीजेंड्स क्रिकेट लीग में कई सारे पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें मिचेल जॉनसन इंडिया कैपिटल्स की टीम का हिस्सा हैं। मिचेल जॉनसन ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक रह चुके हैं। वह आखिरी बार साल 2015 में अपने नेशनल टीम के लिए मैदान पर उतरे थे।
जॉनसन ऑस्ट्रेलिया के लिए 73 टेस्ट मैचों में 313 विकेट, जबकि 153 वनडे इंटरनेशनल और 30 टी-20 इंटरनेशनल में क्रमश: 239 और 38 विकेट चटकाए हैं। जॉनसन आईपीएल में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेल चुके हैं।