गोवा के अंजुना बीच पर स्थित कर्लीज रेस्टोरेंट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने कर्ली रेस्टोरेंट और नाइट क्लब को गिराने पर रोक लगा दी है. ये वहीं रेस्टोरेंट और क्लब है जहां बीजेपी नेता सोनाली फोगट की मौत से पहले एक पार्टी के दौरान उन्हें ड्रग दिया गया था.

इसे गिराने के लिए शुक्रवार को गोवा प्रशासन तीन बुलडोजर के साथ पहुंचा. इसे तोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी. इसके बाद क्लब के मालिक की तरफ से सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया. चीफ जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने कर्लीज क्लब को राहत देते हुए प्लॉट 42/10 पर बुलडोजर चलाने पर रोक लगा दी. हालांकि, अदालत ने पूरी तरह से कार्यवाही पर रोक नहीं लगाई. कोर्ट ने साफ किया कि अवैध निर्माणों को तोड़ा जा सकता है.

एनजीटी के आदेश को चुनौती-

22-23 अगस्त को गोवा के एक क्लब में बीजेपी नेता सोनाली फोगाट को ड्रग्स देने और हत्या करने का मामला सामने आया था. इसके बाद गोवा प्रशासन ने एनजीटी के आदेश पर क्लब को गिराने का फैसला किया. लेकिन कार्यवाही पर रोक लगाने के लिए क्लब की ओर से सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की गई. क्लब की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए एडवोकेट हुजैफा अहमदी ने एनजीटी के आदेश को चुनौती दी. एनजीटी ने रेस्टोरेंट को गिराने का आदेश दिया था.

सोनाली फोगाट को ड्रिंक में दी गई थी ड्रग्स-

पुलिस के मुताबिक, सोनाली फोगाट 22 अगस्त को गोवा आई थी. वह अंजुना होटल ग्रैंड लियोनी रिजॉर्ट में रुकी थीं. 22-23 अगस्त को कर्लीज क्लब में एक पार्टी थी. इस पार्टी में सोनाली भी गई थीं. पुलिस ने बताया कि पार्टी में उसे शराब पिलाई गई. कर्ली क्लब में पार्टी करने के बाद सोनाली होटल आई थीं. 23 अगस्त की सुबह तबीयत खराब होने की शिकायत पर उन्हें अस्पताल लाया गया था. पुलिस का कहना है कि सोनाली की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी.

क्लब मालिक को मिली जमानत-

सोनाली की मौत के मामले में पुलिस ने सोनाली के स्टाफ के दो सदस्यों सुधीर सांगवान और सुखविंदर सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है. दो ड्रग तस्करों दत्ताप्रसाद गांवकर और रामदास मांड्रेकर को भी आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा कर्लीज क्लब के मालिक एडविन नन को भी गिरफ्तार किया गया था. हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी.

बता दें कि कर्लीज क्लब गोवा के प्रसिद्ध अंजुना बीच पर स्थित है. 2008 में इसी क्लब में 14 साल की एक ब्रिटिश लड़की का रेप कर उसकी हत्या कर दी गई थी. इसके बाद 2017 में तमिलनाडु के दो युवकों की ड्रग ओवरडोज से मौत हो गई थी. तब भी क्लब के मालिक एडविन नन को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब सोनाली फोगट की हत्या के बाद एक बार फिर यह क्लब चर्चा में हैं।