कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। कर्नाटक के मंड्या में सोनिया गांधी इस यात्रा में पहुंचीं। करीब 15 मिनट तक सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चलीं। इसके बाद राहुल गांधी ने सोनिया को वापस कार में भेज दिया। 

गुरुवार को दो दिन यात्रा के विश्राम के बाद यात्रा दोबारा शुरू हुई। आयुध पूजा और विजयादशमी के कारण चार व पांच अक्टूबर को  यात्रा को विश्राम दिया गया था। हालाँकि भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी सोमवार (तीन अक्तूबर) को ही मैसूरु पहुंच गई थीं। 

कांग्रेस ने यह पहले ही बता दिया था कि  सोनिया गांधी कुछ ही देर के लिए यात्रा में शामिल होकर पदयात्रा करेंगी। यह निर्णय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया था। उनका स्वास्थ्य स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। एक महीना पहले ही वे कोरोना से उबरी हैं।

भारत जोड़ो यात्रा जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम में सोनिया गांधी की मौजूदगी लम्बे समय बाद देखी गई है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी भी जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत कर सकती हैं। गांधी परिवार का कर्नाटक में एक साथ होना यहाँ होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।