कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को दिल्ली बुलाया है। वेणुगोपाल इस समय भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं लेकिन उन्हें बीच में ही अचानक दिल्ली बुलाया गया। वेणुगोपाल को दिल्ली क्यों बुलाया गया इस संबंध में अभी तक की जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस के नए अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होना है, कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इस बात को लेकर कवायदें तेज हो गई हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष पद की रेस में राहुल गांधी, अशोक गहलोत और शशि थरूर का नाम आगे चल रहा है। इस बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल को तत्काल दिल्ली से बुलावा आ गया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केसी वेणुगोपाल को दिल्ली तलब किया है।
वेणुगोपाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा हैं। अभी ये यात्रा केरल से होकर गुजर रही है। यात्रा के बीच में ही केसी वेणुगोपाल को दिल्ली जा रहे हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि वेणुगोपाल को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव पर चर्चा के लिए राजधानी बुलाया गया है।
इससे पहले, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सोमवार को सोनिया गांधी से उनके आवास पर मिलने गए थे। सूत्रों की मानें तो थरूर को सोनिया गांधी ने आगामी पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में भाग लेने की मंजूरी दे दी है। जल्द ही शशि थरूर अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर सकते हैं।
वहीं कई राज्यों से राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग उठ रही है। इतना ही नहीं सात राज्यों में कांग्रेस इकाई की ओर से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव तक पारित किया जा चुका है। महाराष्ट्र, बिहार, जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु कांग्रेस इकाई ने ये प्रस्ताव पारित किया है। इससे पहले, राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस इकाई ने रविवार को इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए 23 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 17 अक्टूबर को चुनाव होना है।