कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान सोमवार सुबह दस बजे शुरू हो गया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में मतदान किया। वहीं राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बेल्लारी में मतदान किया।
दूसरी ओर अध्यक्ष पद के लिए आलाकमान के चेहरे कहे जा रहे मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने चुनाव लड रहे उम्मीदवार शशि थरूर ने मतदान से ठीक पहले एक दिलचस्प ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि - कुछ लड़ाइयां हम इसलिए भी लडते हैं कि इतिहास याद रख सके कि वर्तमान मूक न था।
शशि थरूर की उम्मीदवारी को लेकर भी डेलिगेट्स में उत्साह दिख रहा है। शशि थरूर ने अपने पूरे चुनाव प्रचार में कांग्रेस में बदलाव को लेकर जो विजन रखा है उसे डेलीगेट्स काफी प्रभावित नज़र आ रहे हैं लेकिन उनका समर्थन थरूर को वोट के रूप में मिलेगा इसे लेकर स्थिति साफ़ नहीं है।
कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए आखिरी बार साल 1998 में वोटिंग हुई थी। तब सोनिया गांधी के सामने जितेंद्र प्रसाद थे। सोनिया गांधी को करीब 7,448 वोट मिले, लेकिन जितेंद्र प्रसाद 94 वोटों पर ही सिमट गए। अब देखना यह है कि गांधी परिवार के चेहरे मल्लिकार्जुन खड़गे को शशि थरूर कितनी चुनौती दे पाते हैं लेकिन अगर थरूर सम्मानजनक वोट पा गए तो यह गांधी परिवार के लिए किसी झटके से काम नही होगा।