भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व BCCI अध्यक्ष सौरभ गांगुली को अब 'Z' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। गांगुली को प्रदान की गई Y श्रेणी की सुरक्षा अवधि की समाप्ति के बाद मंगलवार को यह निर्णय लिया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के सुरक्षा कवर को Z श्रेणी में अपग्रेड करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'वीवीआईपी की सुरक्षा खत्म होने के बाद प्रोटोकॉल के मुताबिक समीक्षा की गई और गांगुली की सुरक्षा को 'Z'  श्रेणी तक बढ़ाने का फैसला किया गया।'

पूर्व क्रिकेटर की सुरक्षा में 8 से 10 पुलिसकर्मी रहेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। Y श्रेणी सुरक्षा कवर के तहत, गांगुली की सुरक्षा में विशेष शाखा के तीन पुलिसकर्मी उनको अपने घेरे में लेते थे और इतनी ही संख्या में उनके बेहाला आवास की रखवाली करते थे। मंगलवार को राज्य सचिवालय के प्रतिनिधि श्री गांगुली के बेहाला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार और स्थानीय पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के साथ बैठक की।

अधिकारी ने कहा, "श्री गांगुली वर्तमान में अपनी टीम दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ यात्रा कर रहे हैं और 21 मई को कोलकाता लौटेंगे। उसी दिन से उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा मिलनी शुरू हो जाएगी।"

पश्चिम बंगाल में, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल सीवी आनंद बोस और तृणमूल कांग्रेस के सांसद और राष्ट्रीय सचिव अभिषेक बनर्जी को Z प्लस सुरक्षा मिलती है, जबकि फिरहाद हकीम और मोलॉय घटक जैसे मंत्रियों को जेड Z की सुरक्षा प्रदान की जाती है। भाजपा के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को सीआईएसएफ सुरक्षा के साथ जेड प्लस सुरक्षा कवर भी प्रदान किया जाता है।