भोपाल: प्रोटोकॉल एवं संवैधानिक रुप से हाई लेवल वाले प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल की स्वेच्छानुदान राशि मप्र विधानसभा के स्पीकर गिरीश गौतम से अभी भी कम है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने हाल ही में राज्यपाल की स्वेच्छानुदान राशि एक करोड़ रुपये सालाना से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी है तथा किसी एक व्यक्ति को सहायता देने की राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है।

परन्तु स्पीकर की स्वेच्छानुदान राशि प्रति वर्ष ढाई करोड़ रुपये है जिसे पिछली कमलनाथ सरकार ने 16 मार्च 2020 को बढ़ाया था और डिप्टी स्पीकर एवं नेता प्रतिपक्ष की स्वेच्छानुदान राशि एक करोड़ रुपये सालाना कर दी थी। इधर इस साल से राज्य सरकार ने विधायक निधि भी दो करोड़ रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये कर दी है जिसमें से विधायक 50 लाख रुपये स्वेच्छानुदान के रुप में भुगतान कर सकेंगे।