इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के 2024 सत्र के लिए 19 दिसंबर को दुबई में होने वाली नीलामी में 77 स्थान के लिए कुल 333 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव, हर्षल पटेल और शार्दुल ठाकुर भी शामिल हैं जिन्हें दो करोड़ रुपए के सर्वाधिक आधार मूल्य वर्ग में रखा गया है।

हर्षल को दो साल पहले आइपीएल नीलामी में 10.75 करोड़ रुपए की मोटी धनराशि में खरीदा गया था। दरअसल आइपीएल संचालन परिषद ने फ्रेंचाइजियों को 1166 खिलाड़ियों की सूची सौंपी थी। फ्रेंचाइजियों की सलाह के बाद इन खिलाड़ियों की संख्या 333 कर दी गई। इनमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। दो खिलाड़ी एसोसिएट देशों के भी हैं।

रचिन पर लग सकता है बड़ा दांव: जिन खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी उनमें न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र शामिल हैं जिनका आधार मूल्य 50 लाख रुपए है। द. अफ्रीका के खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जे और बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन पर बड़ी बोली लग सकती है।

77 में से 30 विदेशी: नीलामी के लिए जो 77 स्थान उपलब्ध है उनमें 30 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। इनमें विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस, ओपनर ट्रेविस हेड, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और विकेटकीपर जोस इंग्लिश दो करोड़ रुपए के आधार मूल्य वर्ग में हैं।