भारत ने बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में तीन विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2 मैच की सीरीज की क्लीन स्वीप कर लिया है। हालांकि टीम के लिए जीत उतनी आसान नहीं थी, जितनी दिख रही है। सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में भारत ने 50 रनों के अंदर तीन विकेट खो दिये थे। फिर आखिरी पारी में बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने 300 से ज्यादा रन ठोक दिये।

दूसरे टेस्ट में तो भारत को जैसे तैसे जीत मिली है। 145 रनों के लक्ष्य के सामने 74 रनों पर 7 भारतीय बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। राहुल को कब तक मौका? एल राहुल ने भारत के लिए 45 टेस्ट खेले हैं और उनका औसत 35 से भी कम का है। उनके जरूर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में शतक हैं लेकिन निर्णतरता की कमी राहुल की बल्लेबाजी में रही है। इसके बाद भी उन्हें लगातार मौके मिल रहे हैं।

इस सीरीज में उन्होंने सिर्फ 57 रन बनाए। इस साल राहुल ने टेस्ट मैचों में सिर्फ 137 रन बनाए हैं। इसके बाद सवाल यही है कि उन्हें कब तक मौका मिले? केएल राहुल बल्लेबाजी में फेल हो रहे हैं। कप्तानी में भी अटपटे फैसले लेते हैं। ऐसे में रोहित शर्मा के बाद किसे कप्तानी मिलेगी। रोहित मार्च में 36 साल के हो जाएंगे। उनके साथ चोट की समस्या भी है। ऐसे में बीसीसीआई के साथ ही टीम मैनेजमेंट के सामने बड़ा सवाल है कि रोहित के बाद कप्तान कौन? विराट कोहली क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं। लेकिन उस नाम का क्या जो टीम के काम न आ सके।

2020 से विराट ने 20 टेस्ट में 26.20 की औसत से सिर्फ 917 रन  बनाए हैं। इसमें कोई शतक नहीं है। ऐसे में उन्हें कब तक मौका मिलेगा? उन्होंने दूसरे टेस्ट में स्लिप में भी 3 कैच गिराए । भारत के बल्लेबाज स्पिन खेलते हुए ही बड़े होते हैं। यहां की पिचों में भी स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मदद होती है। लेकिन सीरीज में बांग्लादेश की स्पिन गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज जूझते दिखे। दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज समझ ही नहीं पा रहे थे कि कौन सी गेंद सीधी रहेगी और कौन टर्न होगी। पुजारा और गिल जैसे बल्लेबाज तो स्टंप हो गए।