रमीज राजा को आखिरकार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह नजम सेठी को यह जिम्मेदारी दी गई है। पाकिस्तान में जब से नई सरकार बनी है तब से पीसीबी के चेयरमैन में बदलाव की खबरें आ रही हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से रमीज राजा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में थे।
अगला एशिया कप पाकिस्तान में होना था। इस पर BCCI ने कहा कि इसका आयोजन तटस्थ स्थान पर होगा, क्योंकि भारतीय टीम टूर्नामेंट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। इसको लेकर रमीज राजा ने कहा कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं आती है तो हम वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जाएंगे। मालूम हो कि वनडे वर्ल्ड कप के मैच अक्टूबर-नवंबर 2023 में भारत में होना है।
एक न्यूज चैनल के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने नजम सेठी को नया चेयरमैन बनाने पर अपनी सहमति दे दी है। जानकारी के मुताबिक, सेठी की नियुक्ति को लेकर 4 नोटिफिकेशन जारी किए जाएंगे। जिसमें क्रिकेट बोर्ड के 2019 के संविधान को खत्म करने की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा भी कई अहम बदलाव किए जाने हैं। मौजूदा बोर्ड को चलाने के लिए एक सेटअप भी बनाया जाएगा।
नजम सेठी एक प्रसिद्ध पाकिस्तानी पत्रकार और व्यवसायी हैं। इससे पहले भी वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। 1999 में नवाज शरीफ सरकार ने एक रिपोर्ट के कारण उन्हें एक महीने के लिए हिरासत में रखा था। वह कई बार पीएम से भी भिड़ चुके हैं। मालूम हो कि पीसीबी का अध्यक्ष बनने में पीएम की अहम भूमिका होती है। इमरान खान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी बदलाव देखा गया था।