विराट कोहली के साथ अफगानिस्तान के तेज़ गेंदबाज नवीन-उल-हक का विवाद ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच एक मई को हुए मैच में दोनों क्रिकेटरों के बीच मैदान पर हुआ विवाद भले ही खत्म हो गया हो लेकिन उसके बाद भी नवीन सोशल मीडिया पर विराट को उकसाने का काम कर रहे हैं।
नवीन-उल-हक ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच मैच को लेकर इंस्टाग्राम पर दो ऐसी स्टोरीस शेयर कीं, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा।
एक स्टोरी को नवीन ने मैच में विराट कोहली के आउट होने के बाद शेयर किया जबकि दूसरी आरसीबी के हार के समय। नवीन की पहली स्टोरी विराट कोहली को जेसन बेहरेनडॉर्फ द्वारा 4 गेंदों में सिर्फ 1 रन पर आउट करने के कुछ देर बाद आई।
नवीन ने इंस्टा स्टोरी को "स्वीट मैंगो" कैप्शन दिया।
मुंबई ने जब 200 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने के बावजूद बेंगलुरू फ्रेंचाइजी को हरा दिया तो लखनऊ सुपर जाइंट्स के तेज गेंदबाज ने फिर एक और स्टोरी पोस्ट की। इस स्टोरी के कैप्शन में नवीन ने लिखा, "इनके साथ राउंड 2 अब तक के सबसे अच्छे आमों में से एक धवल अर्चना परब भाई को धन्यवाद।"
विराट के फैंस नवीन की सोशल मीडिया एक्टिविटी पर कमेंट करने से खुद को नहीं रोक सके और नवीन को जमकर खरी खोटी सुनाई गई।
गौरतलब है कि आरसीबी और एलएसजी की भिड़ंत के दौरान नवीन और विराट दोनों पर भारी जुर्माना लगाया गया। जहां कोहली को उनकी मैच फीस का 100% जुर्माना दिया गया था, वहीं लखनऊ के मेंटर गौतम गंभीर को भी समान रूप से फटकार लगाई गई थी, वहीं नवीन को उनकी मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया गया था।