BCCI पहली बार पुरुष आईपीएल से पहले वुमंस प्रीमियर लीग यानि कि WPL की मेजबानी करने जा रहा है। WPL आज से मुंबई में शुरू हो रहा है। इस लीग में 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं। WPL का एंथम भी रिलीज़ किया जा चुका है। इस बात की जानकारी खुद BCCI के चीफ सेकेट्री जय शाह ने ट्वीट करके दी है।
TATAWPL एंथम में लड़कियों को क्रिकेट के प्रति रुझान और उनकी लड़ने के जज्बे को ख़ूबसूरती के साथ शब्दों में पिरोया गया है। साथ ही एंथम की पंचलाइन 'यह तो बस शुरुआत है' दी गई है। इसका सीधा सन्देश है कि आईपीएल की तर्ज़ पर अब वुमंस प्रीमियर लीग भी वर्ल्ड क्रिकेट को नया आयाम और कई नई प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने का माध्यम बनेगी।
हाल ही में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में 87 महिला क्रिकेटरों पर फ्रेंचाइजी ने बोली लगाई गई थी। लीग मैच मुंबई के डीवाई पाटिल और ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहली बार आयोजित इस लीग में 22 मैच खेले जाएंगे।
लीग का पहला मैच गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस (GT vs MI) के बीच खेला जाएगा। मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। गुजरात जायंट्स की कप्तानी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बेथ मूनी कर रही हैं जबकि हरमनप्रीत कौर मुंबई की कप्तानी हैं।
महिला आईपीएल नीलामी में स्मृति मंधाना को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 3.40 करोड़ में खरीदा। मंधाना नीलामी में सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें RCB द्वारा अपना कप्तान नियुक्त किया गया है। महिला आईपीएल में मंधाना आरसीबी की तरफ से विराट कोहली की तरह 18 नंबर की जर्सी में चौकों-छक्कों की बरसात करती नजर आएंगी।