एशिया कप का शेड्यूल शुक्रवार को जारी हो सकता है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा, टीम इंडिया पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगी। धूमल फिलहाल आईसीसी की चीफ एग्जीक्यूटिव मीट के लिए डरबन में हैं। उन्होंने पुष्टि की कि जय शाह और जका अशरफ ने एशिया कप शेड्यूल को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को आईसीसी बोर्ड मीटिंग से पहले मुलाकात की। इस मुलाकात में एशिया कप के हाइब्रिड मॉडल को मंजूरी मिली। धूमल ने कहा, सचिव ने चीफ जका अशरफ से मुलाकात की और एशिया कप के शेड्यूल को फाइनल कर दिया। जैसा कि पहले इस टूर्नामेंट को लेकर चर्चा की गई थी, बात उसी पर जारी है। पाकिस्तान में लीग राउंड के चार मैच होंगे, जबकि श्रीलंका में नौ मैच खेले जाएंगे। वहीं फाइनल मुकाबला श्रीलंका के दांबुला में खेला जा सकता है।

वेन्यू को लेकर विवाद: बता दें, पिछले साल से एशिया कप के वेन्यू को लेकर विवाद चल रहा है। कई मीटिंग के बाद टूर्नामेंट को हाइब्रिड मॉडल पर कराने का फैसला लिया गया। पीसीबी के पूर्व चीफ रमीज राजा ने टूर्नामेंट पाकिस्तान में नहीं कराने पर विरोध जताया था और वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आने की धमकी दी थी। पाकिस्तान खेल मंत्री ने कहा था कि यदि भारत एशिया कप मैचों को तटस्थ स्थान पर खेलने की मांग करता है, तो हम भी भारत में विश्व कप मैचों के लिए भी यही मांग करेंगे।

टीम इंडिया नहीं जाएगी पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान के बीच दोनों मैच शामिल हैं। यदि दोनों टीमें फाइनल खेलती हैं तो यह मैच भी श्रीलंका में ही खेला जाएगा। धूमल ने पाकिस्तानी मीडिया से आ रही उन खबरों को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि टीम इंडिया पाकिस्तान की यात्रा करेगी, जैसा कि उनके खेल मंत्री एहसान मजारी दावा कर रहे थे।

धूमल ने कहा, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। सारी रिपोर्ट्स गलत हैं। न तो टीम इंडिया पाकिस्तान की यात्रा कर रही है और न ही हमारे सचिव वहां की यात्रा करेंगे। केवल कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया है। पाकिस्तान का अपने देश में एकमात्र घरेलू मैच नेपाल के खिलाफ होगा। अन्य तीन मैच अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश, बांग्लादेश बनाम श्रीलंका और श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान हैं।