भारतीय क्रिकेट बोर्ड टीम इंडिया के एशियन गेम्स में खेलने को लेकर जल्द निर्णय हो सकता है। एशियाड चीन के हांगझोऊ शहर में 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक होगा। 2014 के बाद इस बार फिर 2022 एशियन गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया है। गेम्स में मेंस और विमेंस के टी-20 मुकाबले होंगे। अब तक तीन बार एशियाड में क्रिकेट को शामिल किया गया, लेकिन भारत ने एक बार भी अपनी टीम नहीं भेजी।

हालांकि, अगर भारतीय टीम भेजी भी जाती है तो वो बी स्क्वॉड ही जाएगा। क्योंकि मुख्य टीम उस दौरान वर्ल्ड कप की तैयारियां में जुटी होगी । ओपनर शिखर धवन एशियन गेम्स में टीम इंडिया को लीड कर सकते हैं। जबकि इंडिया-ए के कोच वीवीएस लक्ष्मण टीम के हेड कोच रह सकते हैं। वर्ल्ड कप नहीं खेलने वाले खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

इनमें दीपक हुड्डा, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह जैसे प्लेयर्स शामिल हो सकते हैं। इस बार भारत के एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में हिस्सा लेने की संभावनाएं बहुत है। क्योंकि 2028 ओलिंपिक्स में भी क्रिकेट को शामिल करने के निरंतर प्रयास कर रहा है। ऐसे में बीसीसीआई पुरुष के साथ महिला क्रिकेट टीम को भी एशियन गेम्स में उतार सकता है। दरअसल, भारतीय महिला टीम 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले चुकी है।