वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल मैच के चौथे दिन के पहले सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने अपने स्कोर में 78 रन का इजाफा किया है वहीं टीम इंडिया दो विकेट लेने में कामयाब हुई है। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 201 रन बना लिए हैं। अब उसकी बढ़त 374 रनों की हो गई है वहीं चार विकेट अब भी शेष हैं।

चौथे दिन का खेल  शुरू होने के बाद टीम इंडिया को विकेट के लिए ज्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ा। पारी में अभी एक ही रन जुड़ा था कि 124 रन के कुल स्कोर पर मार्नस लाबुशेन को उमेश यादव ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच करा टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। लाबुशेन 41 रन बनाकर आउट हुए।  ऑस्ट्रेलियाई टीम का छठा विकेट 167 रन के स्कोर पर गिरा। कैमरून ग्रीन को रवींद्र जडेजा ने बोल्ड कर 25 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। 

तीसरे दिन का जब खेल ख़त्म हुआ था तब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 123/4 था। लाबुशेन 41 और ग्रीन सात रन बनाकर क्रीज पर थे। इससे पहले तीसरे दिन भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 173 रन की बढ़त मिली है। कप्तान कमिंस ने तीन विकेट और स्कॉट बोलैंड, मिचेल स्टार्क और कैमरून ग्रीन को दो-दो विकेट मिले थे। एक विकेट नाथन लियोन ने लिया।

वहीं दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 469 रन पर सिमट गई थी। ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 163 रन की पारी खेली थी। स्टीव स्मिथ ने 121 रन बनाए थे। एलेक्स कैरी ने 48 और डेविड वॉर्नर ने 43 रन बनाए थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए थे। शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया था और मिचेल स्टार्क रन आउट हुए थे।