ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर सीरीज में भारत 2-1 से आगे है। अब 4 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी को लेकर बड़ा अपडेट आया है।
चौथे और आखिरी टेस्ट में भी स्टीव स्मिथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करेंगे। इस के साथ ही यह तय हो गया कि ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस जो अपनी बीमार मां के पास ऑस्ट्रेलिया में ही हैं वे इस टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी गैर मौजूदगी में स्टीव स्मिथ ही टीम की कप्तानी करेंगे।
स्टीव स्मिथ ने इंदौर टेस्ट में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाली थी। स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर टेस्ट नौ विकेट से जीता था। भारत अभी सीरीज में 2-1 से आगे है और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई करने के लिए उसे आखिरी टेस्ट जीतना ही होगा।
इधर ऑस्ट्रेलिया लंदन में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है। दिल्ली टेस्ट के बाद पैट कमिंस अपनी मां के बीमार होने के कारण स्वदेश रवाना हो गए थे। पैट कमिंस अभी भी सिडनी में ही हैं।