भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत को जीत के लिए 145 रनों का लक्ष्य मिला है। तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक टीम इंडिया ने अपने चार अहम विकेट केवल 45 रनों पर गंवा दिए हैं। अब इस मुकाबले को जीतने के लिए बांग्लादेश को 6 विकेट चाहिए और भारत को 100 रन बनाना हैं।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत ख़राब रही। कप्तान लोकेश राहुल केवल दो रन बनाकर पवेलियन लौट आए वहीं चेतेश्वर पुजारा छह रन ही बना सके। शुबमान गिल भी 7 रन की पारी खेल पाए वहीं स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिरज़ ने तीन विकेट झटके। 

इससे पहले बांग्लादेश की पारी 231 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर 87 की लीड हासिल की थी इस तरह अब टीम इंडिया को टेस्ट के साथ सीरीज़ जीतने के लिए 145 रन बनाने होंगे। 

बांग्लादेश के लिए दूसरी पारी में लिटन दास और ज़ाकिर हसन ने अर्धशतक लगाए। वहीं टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल ने तीन और मोहम्मद सिराज व रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट हासिल किए। उमेश यादव और जयदेव उनादकट को एक-एक सफलता हासिल हुई। 

इससे पहले टीम पहली पारी में 314 रन पर ऑल आउट हो गई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर 87 की लीड हासिल की थी। ऋषभ पंत ने टीम इंडिया के लिए सर्वाधिक 93 रन बनाये थे और शतक से महज सात रन पहले मेंहदी हसन की गेंद पर अपना विकेट गवां बैठे थे।

टीम के लिए ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर ने 159 रन की अहम साझेदारी की थी। ऋषभ नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए थे और और 93 रन के स्कोर पर मेंहदी हसन की गेंद पर अपना विकेट गवां बैठे थे। श्रेयस अय्यर ने 87 रन बनाये थे। बांग्लादेश की तरफ से तैजुल इस्लाम ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे।