भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के पहले दिन बांग्लादेश की पहली पारी 227 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट खोए 19 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी बांग्लादेश के स्कोर से 208 रन पीछे है। टीम इंडिया के लिए उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने चार-चार विकेट लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए नजमुल हसन और जाकिर की जोड़ी ने 39 रन जोड़े। 12 साल बाद टेस्ट में वापसी करने वाले जयदेव उनादकट ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने जाकिर हसन को लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया।
इसके तीन गेंद बाद ही अश्विन ने शान्तो के पवेलियन भेज दिया। मोमिनुल और कप्तान शाकिब ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। उमेश ने शाकिब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बांग्लादेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 84 रन मोमिनुल हक ने बनाए। 26 रन बनाने वाले मुश्फिकुर रहीम टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। लिटन दास ने 25 और शान्तो ने 24 रन की पारी खेली। भारत के लिए उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने चार-चार विकेट लिए। वहीं, जयदेव उनादकट को दो विकेट मिले।
जवाब में भारत ने पहली पारी में आठ ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 19 रन बना लिए हैं। लोकेश राहुल तीन और शुभमन गिल 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम भी इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। कुलदीप यादव की जगह जयदेव उनादकट को टीम में शामिल किया गया है।
कुलदीप ने पिछले मैच में गेंद और बल्ले दोनों के साथ कमाल किया था और प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे। दूसरी ओर बांग्लादेश की टीम इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी है। पहले मैच में फेल होने वाले यासिर अली की जगह मोमिनुल हक को मौका दिया गया है। वहीं, इबादत हसन की जगह तस्किन अहमद को मौका मिला है।