बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम ने जीत की राह पकड़ ली है। टीम इंडिया ने बांग्लादेश को जीत के लिए 513 रनों का टारगेट दिया है। दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने बिना विकेट गंवाए 42 रन बना लिए हैं।
इससे पहले तीसरे दिन टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी 258 रनों के स्कोर पर घोषित की। इस समय भारत के दो ही विकेट गिरे थे। टीम इंडिया के लिए दूसरी पारी में शुभमन और चेतेश्वर पुजारा ने शतकीय पारी खेली। गिल ने 110 रन बनाए वहीं पुजारा ने 102 रनों की नाबाद पारी खेली।
पुजारा का शतक पूरा होते ही कप्तान केएल राहुल ने पारी की घोषणा कर दी। इससे पहले पहली पारी में बांग्लादेशी टीम 150 रन पर ऑलआउट हुई। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट हासिल किए। उमेश यादव और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।
भारत ने पहली पारी में 404 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 254 रनों की विशाल बढ़त मिली थी। कप्तान केएल राहुल ने बांग्लादेश को फॉलोऑन देने की बजाय दूसरी पारी खेलने का फैसला किया।
शुबमन ने अपने 12वें मैच में पहला शतक जड़ा। इससे पहले वे पांच अर्धशतक लगा चुके हैं। शुभमन का अंतरराष्ट्रीय करियर में यह दूसरा शतक है। उन्होंने वनडे में भी एक शतक लगाया है। पहली पारी में वे 20 रन बनाकर आउट हुए।