भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 की हार मिली है। भारत के जो खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा हैं, उन्हें 31 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में अपनी टीमों के शिविरों से जुड़ने से पहले तीन से चार दिन का संक्षिप्त ब्रेक मिलेगा। गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स अहमदाबाद में सत्र के शुरुआती मुकाबले में आमने सामने होंगे।
समझा जा सकता है कि विश्व कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के कार्यभार प्रबंधन पर कड़ी नजर रखी जा रही है जिससे उन्हें आराम देना सर्वोपरि है। बीसीसीआई के अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, 'कुछ खिलाड़ी सीधे ही आईपीएल टीमों से जुड़ सकते हैं लेकिन उनके पास तीन-चार दिन का ब्रेक लेने का विकल्प होगा ताकि वे अपनी आईपीएल टीमों से जुड़ने से पहले घर पर कुछ आराम कर सकें।' लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अपने घर भी पहुंच गए हैं।