भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के एथिक्स ऑफिसर विनीत सरन ने अध्यक्ष रोजर बिन्नी को हितों के टकराव के लिए नोटिस भेजा है। सरन ने बिन्नी से उनके खिलाफ लगे हितों के टकराव के आरोपों के खिलाफ 20 दिसंबर तक लिखित जवाब मांगा है।
शिकायतकर्ता संजीव गुप्ता ने आरोप लगाया है कि बिन्नी विवादित हैं, क्योंकि उनके बेटे की पत्नी मयंती लैंगर स्टार स्पोर्ट्स चैनल के लिए एंकरिंग का काम करती हैं। स्टार स्पोर्ट्स के पास भारतीय क्रिकेट के घरेलू सत्र के मीडिया अधिकार हैं।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विनीत नोटिस में लिखा कि, आपको नोटिस के द्वारा सूचित किया जाता है कि बीसीसीआइ के नियम और विनियम के नियम 39 (2) (बी) के तहत नैतिकता अधिकारी, बीसीसीआइ द्वारा नियम 38 (1) (i) और नियम 38 (2) के उल्लंघन के लिए एक शिकायत प्राप्त हुई है। उक्त नियमों के अनुसार, आपकी ओर से हितों के टकराव का उदारहण पेश करता है।
20 दिसंबर को लिखित देना होगा जवाब
विनीत सरन ने नोटिस में लिखा, आपको 20/12/2022 को या उससे पहले संलग्न शिकायत पर अपनी लिखित प्रतिक्रिया दर्ज करने का निर्देश दिया जाता है। उक्त प्रतिक्रिया को विधिवत निष्पादित हलफनामे द्वारा समर्थित किया जाना चाहिए।